राजधानी समेत प्रदेश के 32 जिलों में भारी बारिश का सिलसिला थमा नहीं है। शुक्रवार को लगातार सातवें दिन भी सुबह से मूसलाधार बारिश होती रही। भोपाल में सुबह 5.30 से तेजी से पानी बरसा। सुबह 8.30 बजे तक 1605 मिमी (63.18 इंच) बारिश दर्ज की गई है।
मप्र में सीहोर जिले में भारी बारिश से सैंकडों एकड सोयाबीन की फसल गल गयी है, ये हाल जिले के नीलकंठ गांव का है। विदिशा, रायसेन और अन्य जिलों में भी हजारों एकड़ सोयाबीन की खड़ी फसल गल गई है तो कहीं पर जमीन पर लेट गई है।
4-5 दिन तक नहीं मिलेगी राहत : मप्र में बने लो प्रेशर एरिया और झारखंड में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अगले 4-5 दिन तक भोपाल समेत 15 जिलों में बारिश के राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे का कहना है कि यदि बारिश की ये रफ्तार बनी रही तो 2006 में हुई सबसे ज्यादा बारिश 1684 मिमी (66.29 इंच) का रिकॉर्ड टूट सकता है। 1990 के बाद पिछले 29 साल में सीजन की सबसे ज्यादा बारिश है।
भोपाल में बड़ी और छोटी झील में चल रहा विसर्जन : लगातार बारिश के बीच कल से गणेश प्रतिमा विसर्जन का कार्य बड़ी और छोटी झील के विभिन्न घाटों पर किया जा रहा है। हालाकि नगर निगम प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की हैं।
भोपाल और आसपास के डैम लबालब : लगातार बारिश के कारण शहर की बड़ी और छोटी झील के अलावा आसपास के विभिन्न बांध जलाशय कलियासोत, केरवा और कोलार भी लबालब हैं। भोपाल के अलावा विदिशा, रायसेन, सागर और अन्य जिलों में भी बारिश होने के समाचार यहां पहुंचे हैं।
विदिशा बाढ़ की स्थिति, नटेरन से 60 लोगों को सुरक्षित निकाला
विदिशा जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गयी है। शहर की निचली बस्तियों में जलभराव हो गया है। विदिशा का भोपाल और सागर के अलावा सभी स्थानों से सड़क संपर्क कट गया है। नदी और नालों पर बने पुल पुलियाओं पर पानी के कारण यह स्थिति बनी है। विदिशा जिले के नटेरन थाना क्षेत्र के पमारिया गांव में कल बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में फसे 60 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया। उन्हें राहत शिविर में रखा गया है।
14 जिलों में रेड अलर्ट : धार, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, बैतूल, होशंगाबाद, हरदा, देवास, राजगढ़, सीहोर, विदिशा और सागर में मौसम विभाग ने रेट अलर्ट किया गया है।
19 जिलों में यलो अलर्ट : राजधानी भोपाल, रायसेन समेत आगर, अनूपपुर, डिंडौरी, अशोकनगर, शिवपुरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छतरपुर, पन्ना, दमोह, गुना, रतलाम, शाजापुर और रीवा में यलो अलर्ट किया गया है।